
ठाणे ( यूनिस खान ) भिवंडी निजामपुर शहर महानगरपालिका एवं ठाणे जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बी.एन.एन. कॉलेज मैदान में आयोजित जिला स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भिवंडी तालुका के 32 स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। अंडर-17 वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले में रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कालेज की टीम ने बी.एन.एन. कॉलेज को 21-20 अंकों से हराकर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि अंडर-14 वर्ग में टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों टीमों ने संभागीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया।
इस सफलता पर प्रशिक्षक शिक्षक जाकिर अंसारी, मुसय्यब मोमिन और इकरा शेख सहित सफल विद्यार्थियों को के.एम.ई. सोसाइटी के पदाधिकारियों, खेल समिति के अध्यक्ष दानिश मदू, कॉलेज के चेयरमैन यासिर तातली, प्रधानाचार्य जियाउर्रहमान अंसारी एवं समस्त शिक्षकों ने बधाई दी और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।


