
ठाणे ( यूनिस खान ) रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज, भिवंडी में विद्यालय के तीन सेवानिवृत्त स्टाफ अर्थशास्त्र की शिक्षिका शाहेदा परवीन मोमिन, भौतिकी विभाग के वरिष्ठ शिक्षक फिरोज मोमिन तथा सिपाही ज़हीर शेख के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों, शिक्षकों तथा गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर सेवानिवृत्त सदस्यों की दीर्घकालीन, निष्ठापूर्ण एवं अनुकरणीय सेवाओं की मुक्तकंठ से सराहना की। समारोह की अध्यक्षता के एम ई सोसायटी के सचिव दानियाल शफीक काज़ी ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ मौलाना खालिद खान द्वारा पवित्र कुरान पाठ से हुआ। अपने अध्यक्षीय संबोधन में दानियाल काज़ी ने शाहेदा परवीन मोमिन,फिरोज मोमिन तथा ज़हीर शेख की उत्कृष्ट सेवाओं को संस्था की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य,सुखद एवं सम्मानपूर्ण सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं। विद्यालय के प्रधानाचार्य ज़ियाउर्रहमान अंसारी ने अपने संबोधन में सम्मानित व्यक्तियों की दीर्घकालीन सेवाओं के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और परिश्रम ने संस्था की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर शिक्षकों की ओर से आमिर कुरैशी, रूमैशा शेख, रफिया मोमिन,सकीना सारंग,फरहीन अंसारी, मुदस्सिर शेख एवं गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों की ओर से वकील सुकटे,रैहान मोमिन,प्रशासनिक पैनल से मुज़दान मुल्ला एवं असरार पठान (सुपरवाइज़र) तथा मुख्लिस मदू (सहायक प्रधानाध्यापक)ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सेवानिवृत्त स्टाफ सदस्यों की ईमानदारी, कर्तव्यपरायणता, समयपालन तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। वक्ताओं ने विशेष रूप से कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्था की सफलता में गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों की भूमिका रीढ़ की हड्डी के समान होती है ज़हीर शेख ने अपनी ईमानदारी, समयपालन तथा निस्वार्थ सेवा से इस तथ्य को सिद्ध किया है।
सम्मानित सेवानिवृत्त सदस्यों ने अपने उद्बोधन में संस्था, प्रबंधन, सहकर्मी शिक्षकों, गैर-शिक्षकीय कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों से मिले स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने लंबे सेवाकाल की मधुर स्मृतियाँ एवं अनुभव साझा करते हुए संस्था की निरंतर प्रगति, स्थिरता एवं शैक्षणिक सफलता के लिए शुभकामनाएँ दीं।
समारोह के अंत में सेवानिवृत्त स्टाफ सदस्यों को पवित्र कुरआन शरीफ,शॉल, पुष्पगुच्छ,तोहफे एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी बहुमूल्य सेवाओं का सम्मान किया। कार्यक्रम का समापन स्नेहभोज के साथ सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन शमीम इकबाल मोमिन ने बेहतरीन अंदाज में किया। कार्यक्रम की सफलता में शाकिर शेख, अज़ीम गर गरकाब,रय्यान बोबड़े,वकील सुकटे तथा निक्हत शेख का विशेष योगदान रहा।


