Aman Samachar
ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

नशा विरोधी सप्ताह के तहत रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन

ठाणे ( यूनिस खान ) युवा पीढ़ी को नशीले पदार्थों और अन्य मादक वस्तुओं की लत से बचाने,उनके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्तालय ठाणे, भिवंडी सिटी पुलिस स्टेशन और रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज,भिवंडी के संयुक्त तत्वावधान में “नशा विरोधी सप्ताह”का आयोजन किया गया। जिसके अंतर्गत मंगलवार 23 जून 2026 को एक विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम में युवाओं को नशे से दूर रहने आह्वान किया गया।
           इस अवसर पर भिवंडी सिटी पुलिस स्टेशन के पीएसआई विजय काडाले,रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के प्रधानाचार्य जिया उर रहमान अंसारी, पुलिस नायक शरद सनप,पुलिस कांस्टेबल ज्वाले,उप प्रधानाचार्य आमिर सिद्दीकी, पर्यवेक्षक असरार पठान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएसआई विजय काडाले ने कहा कि नशीले पदार्थों का सेवन केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके शैक्षणिक, सामाजिक और पारिवारिक जीवन पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने, अच्छी संगति अपनाने तथा अपनी क्षमताओं का उपयोग शिक्षा, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा का सही दिशा में उपयोग करें तो वे अपने परिवार के साथ-साथ पूरे समाज के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
           रईस हाई स्कूल के प्रधानाचार्य जिया उर रहमान अंसारी ने अपने भाषण में कहा कि युवा पीढ़ी देश और समाज की अमूल्य संपत्ति तथा उज्ज्वल भविष्य है। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से सुरक्षित रखना माता-पिता, शिक्षकों, प्रशासन और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं भी हर प्रकार के नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, रिश्तेदारों तथा परिवार के लोगों में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाएं।
पुलिस नायक शरद सनप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कई बार युवा जिज्ञासा,शौक या गलत संगति के कारण नशे की आदत का शिकार हो जाते हैं, जिसके परिणाम बेहद विनाशकारी होते हैं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे के खतरनाक जाल से बचाने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ-साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और नशे के नुकसान तथा इससे बचाव के विभिन्न पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन आमिर सिद्दीकी ने किया।

संबंधित पोस्ट

जिले में रेमडेसिविर समन्वय व संनियंत्रण पथक व चौबीस घंटे कार्यरत रहने वाला जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित 

Aman Samachar

पालघर के लिए नए उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय को मंजूरी – प्रताप सरनाईक 

Aman Samachar

सेवा-सुशासन और गरीब कल्याण अभियान की शुरुवात

Aman Samachar

मूलाधार बारिश से परेशान 500 लोग हुए स्थानांतरित

Aman Samachar

मान्धाता श्री हनुमान मंदिर भंडारा कार्यक्रम में हिंदू मुस्लिम एकता की मिसाल  

Aman Samachar

मूलभूत अधिकारों की मांग को लेकर भिवंडी में  श्रमजीवी संघटना ने निकाला मोर्चा

Aman Samachar
error: Content is protected !!