Aman Samachar
ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव – संजय केळकर

ठाणे ( यूनिस खान ) शिक्षा ही जीवन को सही दिशा देती है और ज्ञान के बल पर ही उज्ज्वल भविष्य के सपनों को साकार किया जा सकता है। शिक्षा व्यक्तित्व निर्माण की सबसे मजबूत नींव है। यह विचार जनसेवक विधायक संजय केळकर ने व्यक्त किए। क्रांतिसूर्य महात्मा ज्योतिराव फुले की पुण्यतिथि के अवसर पर उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए भाजपा कोपरी मंडल की ओर से ठाणे मनपा स्कूल क्रमांक 16, पारसीवाड़ी, कोपरी में विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
     भाजपा कोपरी मंडल अध्यक्ष कृष्णा भुजबळ की पहल पर कक्षा चौथी और सातवीं के छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निःशुल्क छात्रवृत्ति मार्गदर्शक पुस्तकों का वितरण किया गया। इस अवसर पर विधायक संजय केळकर, विधायक एडवोकेट निरंजन डावखरे, ठाणे मनपा स्थायी समिति सदस्य एवं स्थानीय नगरसेवक भरत चव्हाण, विक्रम भोईर, अमरेश ठाणेकर, वरुण सालगांवकर, प्रभारी मुख्याध्यापिका अर्चना जोशी, शिक्षिका पायल लाड, तेजस्वी कदम तथा स्कूल प्रबंधन समिति की अध्यक्ष वेदिका देसाई सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
       विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विधायक संजय केळकर ने कहा कि महात्मा ज्योतिराव फुले ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा पहुंचाने के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में लगा दिया। वहीं, महिला शिक्षा की अग्रदूत सावित्रीबाई फुले ने भी शिक्षा के प्रसार के लिए अपना जीवन समर्पित किया। विद्यार्थियों को उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीवन में हर व्यक्ति को परीक्षाओं और चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। यही परीक्षाएं भविष्य की कठिनाइयों से लड़ने की ताकत देती हैं। इसलिए विद्यार्थियों को परीक्षा से घबराने के बजाय आत्मविश्वास के साथ उसका सामना करना चाहिए। ‘पढ़ोगे तो आगे बढ़ोगे’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि सफल जीवन का मूलमंत्र है।
           विधायक केळकर ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ मैदानी खेलों में भी सक्रिय रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन की असली पूंजी और संस्कारों का आधार है। साथ ही उन्होंने छात्रवृत्ति परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को पुस्तकें उपलब्ध कराने के लिए कृष्णा भुजबळ की पहल की सराहना की। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। इसके बाद महात्मा ज्योतिराव फुले की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका पूनम चौधरी ने किया। विद्यार्थियों के हाथों में ज्ञान की ताकत सौंपने वाली यह पहल महात्मा फुले के शैक्षणिक विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि साबित हुई।

संबंधित पोस्ट

बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के कार्यक्रम की महापौर ने की सराहना

Aman Samachar

ऑटो रिक्शा, टैक्सी चालकों के लिए शिव परिवार ने शुरू की पाठशाला

Aman Samachar

मजबूत क्रेडिट स्कोर हासिल कर अपने सपने साकार करें – साईंकृष्णन श्रीनिवासन

Aman Samachar

रेंटल हाउसिंग के घोटालों को दबाने के लिए कोंकण के दो मंत्रियों का प्रशासन पर दबाव – एड विक्रांत चव्हाण 

Aman Samachar

कोपरखैरणे विभाग में अनाधिकृत निर्माण के खिलाफ मनपा ने की कार्रवाई

Aman Samachar

 लायरा ने चुलबुली और उत्साही जान्हवी कपूर को घोषित किया अपना ब्रांड एंबेसडर 

Aman Samachar
error: Content is protected !!