
ठाणे ( इमरान खान ) ज्येष्ठ नागरिकों के अनुभवों से हमें जीवन की अमूल्य सीख और महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिलता है। उनका सम्मान करना, उनके अनुभवों का लाभ लेना और समाज में उन्हें उचित स्थान दिलाना हमारी जिम्मेदारी है। धर्मवीर आनंद दिघे ने ठाणे में सबसे पहले ज्येष्ठ नागरिक संघ की स्थापना कर वरिष्ठ नागरिकों के संगठनात्मक कार्य की नींव रखी थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए हम वरिष्ठ नागरिकों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह प्रतिपादन महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने किया। ठाणे मनपा और ज्येष्ठ नागरिक संघ समिति के संयुक्त तत्वावधान में महापौर शर्मिला पिंपळोलकर की अध्यक्षता में विश्व ज्येष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर राम गणेश गडकरी रंगायतन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नौपाड़ा-कोपरी प्रभाग समिति की अध्यक्ष मीनल संखे, अतिरिक्त आयुक्त प्रशांत रोडे, उपायुक्त डॉ. मिताली संचेती, कार्मिक अधिकारी दयानंद गुंडप, समाज विकास अधिकारी दशरथ वाघमारे सहित ज्येष्ठ नागरिक संघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ नागरिक और मनपा अधिकारी उपस्थित थे।
महापौर शर्मिला पिंपळोलकर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को खुश रखने के लिए किसी बड़ी व्यवस्था की जरूरत नहीं होती। प्यार से हालचाल पूछना, अपनत्व के दो शब्द कहना और उनके साथ थोड़ा समय बिताना ही उनके चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए पर्याप्त है। वरिष्ठ नागरिकों ने जीवनभर परिवार और समाज के लिए योगदान दिया है। उनके अनुभवों का सम्मान करना तथा उन्हें प्रेम, सम्मान और सुरक्षा का एहसास दिलाना हमारा कर्तव्य है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि मनपा की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और खुशी के लिए आगे भी विभिन्न उपक्रम चलाए जाएंगे। उनकी समस्याओं को समझकर सहायता करना और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना मनपा की प्राथमिकता रहेगी।


