
ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे शहर के एसटी बसस्थानकों पर गंदगी और असुविधाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन मंत्री तथा एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने शनिवार को ठाणे स्टेशन, वंदना और खोपट बसस्थानकों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों, यातायात नियंत्रण कक्ष तथा चालक-परिचालकों के विश्रामगृहों की जांच की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। नौपाड़ा-कोपरी प्रभाग समिति की सभापति एवं नगरसेविका मिनल संखे द्वारा की गई शिकायत के बाद मंत्री सरनाईक ने यह दौरा किया। उनके साथ नगरसेविका मिनल संखे, नगरसेवक पवन कदम, सुधीर कोकाटे, संजय वाघुले सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर स्थित एसटी बसस्थानक के शौचालयों की खराब स्थिति और गंदगी देखकर मंत्री सरनाईक ने तीव्र नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि बसस्थानक के शौचालय गंदगी का अड्डा बन गए हैं।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि स्वच्छता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित ठेकेदार से गुणवत्तापूर्ण काम करवाने और सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार करने के निर्देश भी दिए। बसस्थानक परिसर में जहां तोड़फोड़ की गई है, वहां पड़े निर्माण सामग्री और अन्य सामान को तुरंत हटाने तथा परिसर को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही नए बसस्थानक का निर्माण कार्य बिना किसी देरी के पूरा करने को कहा है।


