
ठाणे ( युनिस खान ) मनपा क्षेत्र के मौजे शील में अनाधिकृत निर्माणों को जलापूर्ति के संबंध में उच्च न्यायालय में दायर याचिका की सुनवाई के दौरान ठाणे मनपा आयुक्त सौरभ राव को अनाधिकृत निर्माणों को जलापूर्ति के संबंध में जाँच करने का आदेश दिया है। इस मुद्दे पर उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों की बैठक बुलाकर अनाधिकृत इमारतों की जलापूर्ति तत्काल बंद करने का निर्देश दिया है।
उच्च न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के अनुपालन मामले के समाधान हेतु आज आयुक्त कक्ष में जल आपूर्ति विभाग के संबंधित अधिकारियों की तत्काल एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर आयुक्त 2 प्रशांत रोडे, उपायुक्त (मुख्यालय) जी. जी. गोदेपुरे, उपायुक्त (अतिक्रमण विभाग) शंकर पटोले, विधि अधिकारी मकरंद काले, उपनगर अभियंता विनोद पवार, सहायक आयुक्त और जल आपूर्ति विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में कहा गया कि यदि अनाधिकृत निर्माणों को जलापूर्ति प्रदान की गई है, तो उसके दस्तावेजों की जाँच की जाए और यदि निर्माण अवैध है, तो पाइप कनेक्शन तुरंत समाप्त किया जाए। इसी प्रकार, यदि मनपा की पाइप लाइन से अवैध रूप से पाइप कनेक्शन लिया गया है, तो उसे तुरंत समाप्त किया जाए। साथ ही, जल कनेक्शन प्रदान करते समय इस बात का ध्यान रखा जाए कि मनपा की निर्माण अनुमति के बिना किसी भी अनाधिकृत निर्माण को पाइप कनेक्शन न दिया जाए। साथ ही, आयुक्त ने पूर्व में दिए गए पाइप कनेक्शन तुरंत समाप्त करने के भी संबंधितों को आदेश दिए।
आयुक्त सौरभ राव ने यह भी संकेत दिया कि यदि दस्तावेजों की जाँच किए बिना अनाधिकृत निर्माणों को जल कनेक्शन दिए गए हैं, तो उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त सौरभ राव ने निर्देश दिया कि ठाणे मनपा के 9 वार्ड समिति क्षेत्रों में अनधिकृत इमारतों को अनुमति सहित और बिना अनुमति के दिए गए जल आपूर्ति कनेक्शनों की सूची तैयार की जाए और तदनुसार दिए गए सभी जल आपूर्ति कनेक्शन काट दिए जाएँ और अनधिकृत बोरवेल के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाए।


