
नवी मुंबई ( यूनिस खान ) दहिसर क्षेत्र के 14 गांवों को नवी मुंबई महानगरपालिका में शामिल किए जाने के बाद वहां के नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। महापौर सुजाता पाटील ने उत्तरशीव गांव में घणसोली-घरोंदा से उत्तरशीव गांव होते हुए महापे तक जाने वाली एनएमएमटी की सीधी बस सेवा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर परिवहन समिति के सभापति विकास झंजाड, प्रभाग समिति अध्यक्ष भरत भोईर, नगरसेवक शशिकांत भोईर एवं प्रतीक्षा पाटील सहित मुख्य यातायात अधिकारी सुनील सालुंखे, घणसोली डिपो प्रबंधक गणेश म्हात्रे, अभियंता तुषार गरुड़ और नियोजन विभाग प्रमुख धर्मराज भगत उपस्थित रहे।
उत्तरशीव और आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का तेजी से विस्तार हुआ है। यहां से बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी और अन्य यात्री नवी मुंबई तथा घणसोली-घरोंदा क्षेत्र में आवागमन करते हैं। ऐसे में नई बस सेवा शुरू होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।


