
नवी मुंबई ( यूनिस खान ) नवी मुंबई मनपा की महिला एवं बाल कल्याण समिति की ओर से आयोजित ‘हिरकणी महोत्सव 2026’ के दूसरे दिन भी नागरिकों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। महोत्सव में महिला बचत समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों, हस्तनिर्मित वस्तुओं और खाद्य पदार्थों की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। महापौर सुजाता पाटील ने लगातार दूसरे दिन महोत्सव में पहुंचकर महिला स्टॉल संचालकों से बातचीत की। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों एवं खाद्य पदार्थों की जानकारी ली और उनके व्यवसायिक प्रयासों, कार्यशैली तथा रचनात्मकता की सराहना की। इस अवसर पर महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति सलुजा सुतार, उपसभापति रूपाली भगत, नगरसेविका स्वप्ना गावडे, प्रीति भोपी तथा समाज विकास विभाग के उपायुक्त प्रकाश कांबले उपस्थित रहे। महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहा। ‘रेड चिली’ ग्रुप के नन्हे कलाकारों ने उत्साहपूर्ण और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया। उनकी शानदार प्रस्तुति पर अतिथियों और नागरिकों ने तालियों के साथ उत्साहवर्धन किया। गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए नागरिकों की सुविधा के लिए महोत्सव का समय शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक रखा गया है। शाम के समय बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ महोत्सव में पहुंच रहे हैं और खरीदारी के साथ विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद ले रहे हैं।
महोत्सव परिसर में सूखा प्रभावित लोगों की सहायता के लिए दान पेटी भी रखी गई है। नागरिक सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए अपनी क्षमता के अनुसार इसमें आर्थिक सहयोग दे रहे हैं। महिला उद्यमियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना, उनके हुनर को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देना इस महोत्सव का प्रमुख उद्देश्य है। नवी मुंबईकरों के उत्साहपूर्ण प्रतिसाद से महोत्सव का दूसरा दिन भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। महिला एवं बाल कल्याण समिति की सभापति सलुजा सुतार, उपसभापति रूपाली भगत और समिति के सदस्यों ने नागरिकों से अपील की है कि 3 और 4 तारीख को शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक आयोजित इस महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और महिला बचत समूहों द्वारा निर्मित वस्तुओं की खरीदारी कर महिला उद्यमियों का उत्साह बढ़ाएं।


