
ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे रेलवे स्टेशन पर बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए दो महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के यात्रियों के लिए सीएसएमटी दिशा की ओर एफओबी नंबर 1 पर नया एस्केलेटर लगाया गया है। वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर डी-मार्ट फाउंडेशन के सहयोग से आधुनिक शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया गया है।
इन दोनों सुविधाओं का लोकार्पण गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे सांसद नरेश म्हस्के के हाथों किया जाएगा। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और मुफ्त शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वर्ष 2023 से डी-मार्ट फाउंडेशन और मध्य रेलवे संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। इस पहल के तहत सीएसएमटी, भायखला, घाटकोपर और कल्याण रेलवे स्टेशनों पर पहले ही नए शौचालय ब्लॉक शुरू किए जा चुके हैं। अब इस योजना का विस्तार ठाणे रेलवे स्टेशन तक किया गया है।
इस परियोजना की विशेषता यह है कि पुराने शौचालयों की मरम्मत करने के बजाय उन्हें हटाकर नए शौचालय ब्लॉक बनाए जा रहे हैं। यहां 24 घंटे सफाई कर्मचारी तैनात रहेंगे और यात्री इन शौचालयों का पूरी तरह निःशुल्क इस्तेमाल कर सकेंगे। शौचालयों के लिए पानी, बिजली, ड्रेनेज और रखरखाव की जिम्मेदारी मध्य रेलवे प्रशासन की होगी। वहीं, प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 के यात्रियों की सुविधा के लिए सीएसएमटी दिशा की ओर एफओबी नंबर 1 पर नया एस्केलेटर लगाया गया है। इसके निर्माण के दौरान पुराने सीढ़ियों के रास्ते को बाधित नहीं किया गया है। पुराने सीढ़ियों के दोनों ओर डेक की व्यवस्था की गई है, जिससे यात्री नए एस्केलेटर के साथ-साथ पुरानी सीढ़ियों का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
गौरतलब है कि ठाणे रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन हजारों यात्री लोकल, मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों से सफर करते हैं। ऐसे में व्यस्त समय के दौरान प्लेटफॉर्म पर होने वाली भीड़ और यात्रियों की परेशानी कम करने में नया एस्केलेटर काफी मददगार साबित होगा। डी-मार्ट फाउंडेशन के सीएसआर फंड से तैयार मुफ्त शौचालय सुविधा और मध्य रेलवे द्वारा उपलब्ध कराया गया नया एस्केलेटर ठाणे रेलवे स्टेशन की यात्री सुविधाओं में महत्वपूर्ण इजाफा करेंगे। इससे यात्रियों का सफर अधिक सुविधाजनक, स्वच्छ और आरामदायक होने की उम्मीद है।


