
छह दिनों तक सजेगा मनोरंजन का महाकुंभ
ठाणे ( यूनिस खान ) दीपावली के उत्सव को और अधिक आनंदमय एवं यादगार बनाने के उद्देश्य से ठाणे के उपवन तालाब परिसर में आयोजित दिवाली वंडरलैंड 2026’ ग्रैंड कार्निवल का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक और ठाणे की महापौर शर्मिला पिंपळोलकर के हाथों दीप प्रज्वलन एवं उद्घाटन समारोह संपन्न हुआ। युवासेना के कार्याध्यक्ष पुर्वेश सरनाईक की पहल पर आयोजित यह महोत्सव 6 से 11 नवंबर तक चलेगा।
उद्घाटन समारोह में विधायक रवींद्र फाटक, प्रो गोविंदा लीग की संचालिका डॉ. कश्मीरा सरनाईक, नगरसेवक राजेंद्र फाटक, संजय भोईर, नगरसेविका जयश्री डेव्हिड, शीतल ढमाले, युवासेना सचिव किरण साळी सहित विभिन्न पदाधिकारी, शिवसैनिक, युवासैनिक और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। वी.बी. ग्रुप ऑफ कंपनीज द्वारा प्रस्तुत इस भव्य कार्निवल में 50 से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। संगीत, नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, मनोरंजक प्रतियोगिताएं और विभिन्न आकर्षण इस महोत्सव का हिस्सा होंगे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए यहां मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है।
युवाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा, फोटोग्राफी और रील मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गई हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा लकी ड्रॉ के माध्यम से भी नागरिकों को आकर्षक इनाम जीतने का अवसर मिलेगा। महोत्सव का विशेष आकर्षण ‘दिवाली पहाट’ कार्यक्रम होगा, जिसका आयोजन रविवार, 8 नवंबर को सुबह 6.30 बजे उपवन तालाब परिसर में किया जाएगा। इसमें नागरिकों को सुरीले संगीत की विशेष प्रस्तुति का आनंद मिलेगा।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने ठाणेकरों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सराहना की। उन्होंने बताया कि महाराष्ट्र के करीब दो लाख किसानों तक दिवाली राशन के माध्यम से सहायता पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि किसान परिवारों की मदद के लिए उनका प्रयास आगे भी जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने ठाणेकरों से परिवार सहित इस कार्निवल में शामिल होकर उत्सव का आनंद लेने की अपील की।
युवासेना कार्याध्यक्ष पुर्वेश प्रताप सरनाईक ने कहा कि दिवाली केवल रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि परिवार, मित्रों और समाज को एकजुट करने का उत्सव है। इसी भावना के साथ इस कार्यक्रम की संकल्पना साकार की गई है। यह आयोजन स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ ठाणे की सांस्कृतिक पहचान को और समृद्ध करेगा। उन्होंने नागरिकों से 11 नवंबर तक उपवन तालाब पहुंचकर इस भव्य कार्निवल का आनंद लेने की अपील की।


