
कुओं और बोरवेल के पानी का उपयोग बढ़ेगा, जल रिसाव रोकने और अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई तेज
ठाणे ( यूनिस खान ) सुपर अल नीनो के संभावित प्रभाव के कारण आगामी समय में बारिश कम होने और जल भंडार पर दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए ठाणे मनपा ने पानी की उपलब्धता बनाए रखने के लिए व्यापक योजना तैयार की है। इसके तहत जल भंडार का सुनियोजित प्रबंधन, सार्वजनिक कुओं और बोरवेल के पानी का अधिक उपयोग, पानी की बर्बादी रोकने तथा अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई पर विशेष जोर दिया जा रहा है। मनपा आयुक्त सौरभ राव ने संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक निर्देश दिए हैं।
मनपा निधि से शहर के 90 कुओं की सफाई और आवश्यक मरम्मत कर उनमें पंप लगाने का काम शुरू किया गया है। इन कुओं के पानी का उपयोग पीने के अलावा अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा। यह काम नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा शहर के 35 कुओं में अल्ट्रा फिल्ट्रेशन और आरओ सिस्टम लगाकर पानी को पीने योग्य बनाया जा रहा है। इनमें से 12 कुओं का काम पूरा हो चुका है, जबकि नवंबर में 8 और कुओं की व्यवस्था शुरू की जाएगी। शेष 15 कुओं का काम फरवरी 2027 तक पूरा करने की योजना है। साथ ही मनपा के 210 और निजी 205 कुओं के जलस्तर पर भी नजर रखी जाएगी।
शहर की कुल 2,024 बोरवेल में से खराब पड़ी 392 बोरवेल की मरम्मत की गई है। इसके अलावा 80 बोरवेल के पास वर्षा जल संचयन और रिचार्ज पिट बनाए जाएंगे। इससे भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी। शहर में 40 नए बोरवेल खोदने की भी योजना है। इनका पानी स्कूलों, उद्यानों, मैदानों और झोपड़पट्टी क्षेत्रों में अन्य जरूरतों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।


