
ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे के ढोकाळी, कोलशेत और बालकुम क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी को देखते हुए यहां के तालाबों और उद्यानों का कायाकल्प किया जाएगा। कोलशेत वरचा गांव तालाब एवं उद्यान, नंदीबाबा गार्डन और रेवाळे तालाब एवं उद्यान को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए राज्य सरकार, ठाणे मनपा और विधायक निधि से राशि उपलब्ध कराई जाएगी। यह जानकारी विधायक संजय केलकर ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण दौरे के दौरान दी। बालकुम, कोलशेत और ढोकाळी क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में आवासीय परियोजनाएं विकसित हुई हैं, जिससे आबादी तेजी से बढ़ी है। लेकिन इसके अनुपात में नागरिकों को तालाब, उद्यान, खेल मैदान और मनोरंजन की सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए विधायक संजय केलकर ने मंगलवार को मनपा अधिकारियों के साथ कोलशेत वरचा गांव तालाब एवं उद्यान, रेवाळे तालाब एवं उद्यान तथा नंदीबाबा उद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान इन परिसरों की बदहाल स्थिति सामने आई। उद्यानों में प्रकाश व्यवस्था, फव्वारे और अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव पाया गया।
कोलशेत वरचा गांव तालाब के आसपास बड़े निर्माण कार्य चलने के कारण जमीन में गड्ढे बन गए हैं। इससे तालाब का जलस्तर प्रभावित हुआ है और पानी आसपास के क्षेत्र में रिसने की समस्या सामने आई है। इस समस्या का तकनीकी समाधान निकालने के लिए वी.जे.टी.आई. और आईआईटी जैसी संस्थाओं से अध्ययन कराने पर विचार किया जा रहा है। निरीक्षण के बाद विधायक संजय केलकर ने कहा कि बढ़ती आबादी के मुकाबले नागरिकों को मैदान, तालाब और उद्यान जैसी सुविधाएं पर्याप्त नहीं मिल रही हैं। इन सभी स्थानों का विकास कर नागरिकों को बेहतर मनोरंजन और सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगामी चार महीनों में हजारों नागरिकों को इन स्थानों पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।


