
अतिरिक्त 60 एमएलडी पानी की आपूर्ति को लेकर मनोज प्रधान का हमला
ठाणे ( यूनिस खान ) सूर्या परियोजना से ठाणे को अतिरिक्त 60 मिलियन लीटर प्रतिदिन (एमएलडी) पानी देने के प्रस्ताव को लेकर मीरा-भाईंदर में शुरू हुए राजनीतिक विवाद पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के जिला अध्यक्ष मनोज प्रधान ने भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मेहता को पहले तथ्यों और आंकड़ों का अध्ययन करना चाहिए और उसके बाद पानी आपूर्ति का विरोध करना चाहिए। मनोज प्रधान ने कहा कि एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री रहते हुए सूर्या परियोजना से ठाणे को अतिरिक्त 60 एमएलडी पानी देने का आश्वासन दिया गया था। अब जब इस आश्वासन को पूरा करने का समय आया है, तब भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता विरोध कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मेहता को इस विषय की पूरी जानकारी नहीं है। उन्हें पहले वास्तविक स्थिति और आंकड़ों को समझना चाहिए।
प्रधान ने बताया कि सूर्या जलापूर्ति परियोजना के धामणी बांध और कवडास बैराज से कुल 403 एमएलडी पानी का वितरण प्रस्तावित है। इसमें मीरा-भाईंदर को 218 एमएलडी, वसई-विरार को 170 एमएलडी और परियोजना के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 27 से 44 गांवों को 15 एमएलडी पानी देने की योजना है। वसई-विरार में पहले चरण की जलापूर्ति शुरू हो चुकी है, जबकि मीरा-भाईंदर के लिए पाइपलाइन और जलकुंभ का काम अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि मीरा-भाईंदर को निर्धारित 218 एमएलडी पानी मिलने के बावजूद यदि वहां समय पर जलापूर्ति नहीं हो रही है, तो इसकी जिम्मेदारी वहां के प्रशासन और सत्ताधारियों की है। इसके लिए ठाणे को पानी देने के प्रस्ताव का विरोध करना उचित नहीं है। मनोज प्रधान के अनुसार, मीरा-भाईंदर की अनुमानित आबादी करीब 15 लाख है और वर्तमान में शहर को प्रतिदिन 195 से 200 एमएलडी पानी मिल रहा है। जबकि उसकी वास्तविक जरूरत 240 से 280 एमएलडी है। सूर्या परियोजना से प्रस्तावित 218 एमएलडी पानी मिलने पर शहर को अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा। वहीं, ठाणे की अनुमानित आबादी करीब 29.8 लाख है और शहर को प्रतिदिन लगभग 590 एमएलडी पानी मिलता है, जबकि जरूरत 627 से 640 एमएलडी है। इस तरह ठाणे को करीब 50 एमएलडी पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधान ने दावा किया कि सूर्या परियोजना से मीरा-भाईंदर को जरूरत से करीब 138 एमएलडी अधिक पानी मिलेगा। इसमें से 60 एमएलडी पानी ठाणे को दिया जाता है, तब भी मीरा-भाईंदर के पास लगभग 78 एमएलडी अतिरिक्त पानी बचा रहेगा। उन्होंने कहा कि इतना साधारण गणित भी यदि नरेंद्र मेहता नहीं समझ पा रहे हैं, तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मीरा-भाईंदर के नागरिकों को गुमराह करने के साथ-साथ ठाणेकरों को उनके हक के पानी से वंचित रखने की कोशिश की जा रही है। प्रधान ने ठाणे के भाजपा विधायकों संजय केळकर, निरंजन डावखरे और माधवी नाईक से इस मामले में मूकदर्शक बने रहने के बजाय मध्यस्थता करने की अपील की। अंत में मनोज प्रधान ने चेतावनी दी कि ठाणेकरों के हिस्से का पानी छीनने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नरेंद्र मेहता ने अपनी भूमिका नहीं बदली और ठाणे के पानी का विरोध जारी रखा, तो ठाणेकर उन्हें शहर में कदम नहीं रखने देंगे।


