
खाद्य पदार्थों की उत्पादन और समाप्ति तारीख के साथ कीमत में हेराफेरी का खुलासा
ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे जिले के भिवंडी ग्रामीण क्षेत्र में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 6 लाख 21 हजार रुपये के खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। इस मामले में मेसर्स डीएक्सपी वेंचर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का खाद्य व्यवसाय लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
गोपनीय जानकारी के आधार पर 18 और 19 नवंबर को कंपनी के गोदाम पर छापेमारी की गई। जांच में आयातित खाद्य पदार्थों की मूल उत्पादन तिथि, समाप्ति तिथि और अधिकतम खुदरा मूल्य मिटाकर उनकी जगह नई जानकारी छापने का मामला सामने आया। मौके से रासायनिक पदार्थ, छपाई और मुहर लगाने की मशीनें भी बरामद की गईं। कार्रवाई में शीतल पेय, ऊर्जा पेय, सोडा, अदरक सोडा और ए2 बिलोना देसी घी सहित कुल 14 प्रकार के खाद्य पदार्थ जब्त किए गए।
खाद्य पदार्थों की तारीख और कीमत में कथित हेराफेरी से उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा होने की आशंका के चलते 19 नवंबर को कंपनी का लाइसेंस निलंबित किया गया। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. तुकाराम मुंढे के मार्गदर्शन में सहायक आयुक्त योगेश ढाणे तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की जानकारी में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


