Aman Samachar
ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

संविधान बचाने के लिए ठाणे में कांग्रेस की भव्य रैली, मोदी-शाह सरकार पर साधा निशाना

डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद बोले- संविधान बचा तो देश बचेगा

हर्षवर्धन सपकाल ने फडणवीस से मांगा इस्तीफा

ठाणे ( यूनिस खान ) भारतीय संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस की ओर से ठाणे में भव्य संविधान बचाव रैली निकाली गई। रैली में महाराष्ट्र कांग्रेस प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल, विधान परिषद में कांग्रेस विधायक दल के नेता सतेज पाटील, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात, मोहम्मद आरिफ नसीम खान सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल हुए।
     इस अवसर पर डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद ने केंद्र की मोदी-शाह सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान ने सभी जाति, धर्म, महिलाओं और वंचित वर्गों को समान अधिकार दिए हैं। संविधान ने नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विचारों की स्वतंत्रता और मतदान का अधिकार प्रदान किया है, लेकिन मौजूदा सरकार इन अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर द्वारा देश को दिया गया संविधान आज खतरे में है। संविधान की रक्षा होगी तभी देश की रक्षा संभव है।
     कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि मनुस्मृति और बंच ऑफ थॉट्स को महत्व देने वाली भाजपा को आज संविधान की याद आना केवल दिखावा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संविधान निर्माण के समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्कालीन प्रमुख गोलवलकर ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को पत्र लिखकर मनुस्मृति के आधार पर संविधान बनाने की बात कही थी। सपकाल ने कहा कि भाजपा का संविधान के प्रति प्रेम केवल ‘पुतना मौसी के प्रेम’ जैसा है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा की विचारधारा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। पिछले 13 वर्षों से संविधान की भावना को कमजोर किया जा रहा है। महाराष्ट्र में भी असंवैधानिक तरीके से सरकार बनाई गई। ठाणे सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। इसी कारण संविधान की रक्षा का संदेश देने के लिए ठाणे से इस रैली का आयोजन किया गया।
       हर्षवर्धन सपकाल ने पुणे में न्यायालय परिसर के भीतर एक व्यक्ति पर हुए गंभीर हमले को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अदालत परिसर में इस तरह की घटना होना बेहद गंभीर है। राज्य में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें कानून का भय नहीं रह गया है। उन्होंने गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को कानून-व्यवस्था संभालने में विफल बताते हुए नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार कर गृह मंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की।
सतेज पाटील बोले- संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष जरूरी
विधान परिषद में कांग्रेस विधायक दल के नेता सतेज उर्फ बंटी पाटील ने कहा कि तीन-चार साल पहले महाराष्ट्र में लोकतंत्र की हत्या ठाणे से ही हुई थी। इसी पृष्ठभूमि में संविधान की रक्षा का संदेश देने के लिए ठाणे में रैली आयोजित की गई है। उन्होंने भाजपा पर वोट चोरी और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि जनता के विचारों को जीवित रखना है तो संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा।
     कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री बालासाहेब थोरात ने कहा कि भारतीय संविधान समानता और बंधुत्व के मूल्यों पर आधारित है। लेकिन भाजपा सरकार इन मूल्यों पर हमला कर रही है। देश को लंबे संघर्ष के बाद आजादी मिली और उसके बाद संविधान प्राप्त हुआ। आज उसी संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरकर संघर्ष कर रही है।
      पूर्व मंत्री नसीम खान ने कहा कि देश का संविधान खतरे में है। संविधान ने सभी जातियों, धर्मों, भाषाओं और पंथों के लोगों को समान अधिकार दिए हैं, लेकिन इन अधिकारों पर प्रहार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
        रैली में सांसद चंद्रकांत हंडोरे, शोभा बच्छाव, प्रणिती शिंदे, रविंद्र चव्हाण, शिवाजी काळगे, विधायक भाई जगताप, पूर्व सांसद कुमार केतकर, हुसैन दलवाई, पूर्व मंत्री डॉ. विश्वजीत कदम, रमेश बागवे, सुनीता गावंडे, मुजफ्फर हुसैन, चरणसिंह सप्रा, मोहन जोशी, एडवोकेट गणेश पाटील, एडवोकेट संदेश कोंडविलकर और ठाणे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पिंगले सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। रैली की शुरुआत महात्मा ज्योतिबा फुले और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करके की गई। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने उपस्थित लोगों को संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई।

संबंधित पोस्ट

धर्मान्तरण का आरोपी शाहनवाज रायगढ़ जिले से गिरफ्तार , यु पी पुलिस आरोपी को लेकर गाजियाबाद रवाना

Aman Samachar

डाबर के बोर्ड में पी. डी. नारंग की दोबारा नियुक्ति

Aman Samachar

केएल डीम्ड (टू बी) यूनिवर्सिटी ने आंध्र प्रदेश राज्‍य कौशल विकास निगम के साथ मिलकर राज्‍य कौशल प्रतियोगिता 2021 की मेज़बानी की

Aman Samachar

नौपाड़ा में स्पा और मसाज सेंटर्स के खिलाफ कार्रवाई की जाए – संजय वाघुले

Aman Samachar

प्रत्येक मेट्रो स्टेशन के अंतर्गत एक आरक्षित यात्री स्टॉप बनाएँ — प्रताप सरनाईक

Aman Samachar

कोरोना नियमों का पालन कर दीपावली का त्यौहार मनाने की जिलाधिकारी ने की अपील

Aman Samachar
error: Content is protected !!