
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच से हुआ खुलासा
ठाणे ( यूनिस खान ) मुंब्रा पुलिस थाना क्षेत्र सहित टिटवाला, वाशिंद और कुलगांव-बदलापुर परिसर में बंगलों और फार्म हाउसों को निशाना बनाकर डकैती डालने वाले गिरोह का ठाणे क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच की यूनिट-3, कल्याण ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद मुंब्रा में हुई डकैती की वारदात का खुलासा किया है।
पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर 2026 को मुंब्रा पुलिस स्टेशन में अपराध क्रमांक 2064/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता तुकाराम सत्यवान मुंढे के बंगले में रात के समय 8 से 9 डकैतों ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर प्रवेश किया था। उस समय बंगले में सो रहे संतोष शेडगे को आरोपियों ने स्क्रूड्राइवर का डर दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनके मुंह पर कपड़ा बांध दिया और हाथ-पैर बांधकर बंधक बना लिया। डकैत बंगले से करीब 1 लाख 55 हजार रुपये के सोने के आभूषण और 84 हजार रुपये नकद, कुल 2 लाख 39 हजार रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए थे।
150 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
मामले की गंभीरता को देखते हुए ठाणे क्राइम ब्रांच की यूनिट-3, कल्याण ने समानांतर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के साथ ही सीएसएमटी से बदलापुर तथा कसारा रेलवे स्टेशन तक लगे करीब 150 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। तकनीकी विश्लेषण और पुलिस के मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय तुलशीराम चव्हाण (45), निवासी येवे, पिंपलोली, बदलापुर; लक्ष्मण उमाजी भोसले (43), निवासी वाशी गांव, नवी मुंबई; सतीश सुरेश वाघे (27), निवासी साखरवाड़ी, भिवंडी; नारायण रघुनाथ ठोंबरे (27), निवासी ठाकुरवाड़ी, बदलापुर और जयेश सुरेश कथोरे (35), निवासी अंबरनाथ के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में इन आरोपियों के डकैती की वारदात में शामिल होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए मुंब्रा पुलिस स्टेशन के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल मामले की आगे की जांच मुंब्रा पुलिस कर रही है।


