
26/11 की बरसी पर मुंबई-ठाणे में हाई अलर्ट
मनपा मुख्यालय कराया गया खाली; दो घंटे तक सघन तलाशी
ठाणे ( यूनिस खान ) मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले की बरसी के दिन ही ठाणे मनपा मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से ठाणे और मुंबई में हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल में मुंबई के मेट्रो स्टेशनों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और सार्वजनिक कार्यक्रमों को ग्रेनेड तथा विस्फोटकों से निशाना बनाने की चेतावनी भी दी गई है। ई-मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं और मनपा मुख्यालय में मौजूद कर्मचारियों तथा नागरिकों को तत्काल बाहर निकालकर परिसर खाली करा दिया गया।
ठाणे के पांचपाखाड़ी स्थित चंदनवाड़ी इलाके में बने मनपा मुख्यालय को गुरुवार दोपहर धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। यह ई-मेल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के साथ महापौर और आयुक्त कार्यालय को भी भेजा गया था। सूचना मिलते ही अग्निशमन दल, नौपाड़ा पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग, टीडीआरएफ और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पूरे मनपा मुख्यालय की सघन तलाशी ली गई। ई-मेल में 26/11 जैसे आतंकी हमले को दोहराने की धमकी दी गई थी। इसके अलावा मुंबई में ग्रेनेड हमले करने और 27 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच मेट्रो स्टेशनों पर आईईडी विस्फोटक रखने की चेतावनी दी गई थी। ई-मेल में एक सार्वजनिक कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया था। इन धमकियों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी।
करीब दो घंटे तक चली सघन जांच के बाद मनपा मुख्यालय में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस दौरान सांसद नरेश म्हस्के, महापौर शर्मिला पिंपळोलकर और उपमहापौर कृष्णा पाटील भी मौके पर मौजूद रहे। महापौर ने मनपा की सभी नौ प्रभाग समितियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बचाव दलों को तैनात कर संबंधित क्षेत्रों में जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
26/11 आतंकी हमले की बरसी के दिन ही इस तरह की धमकी मिलने से नागरिकों में चिंता का माहौल है। अब पुलिस के सामने धमकी भरा ई-मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने और इसके पीछे की साजिश का पता लगाने की चुनौती है जिसकी जांच शुरू है ।


