
ठाणे ( यूनिस खान ) यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय, नासिक के अंतर्गत संचालित के.एम.ई. सोसाइटीज़ जी.एम. मोमिन वीमेंस कालेज स्टडी सेंटर,भिवंडी में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के बी.ए.प्रथम वर्ष एवं एम.ए.उर्दू प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज के प्रधानाचार्य ज़िया-उर-रहमान अंसारी ने की। अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि दूरस्थ शिक्षा अधूरी शिक्षा को पूरा करने का एक बेहतरीन अवसर है। विद्यार्थियों को इसका भरपूर लाभ उठाना चाहिए तथा मेहनत और लगन के साथ अपनी शिक्षा जारी रखनी चाहिए।उन्होंने आगे कहा कि पुस्तकें मनुष्य की सबसे अच्छी मित्र और व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण साधन हैं। विद्यार्थियों को पुस्तकों से दोस्ती करनी चाहिए और नियमित रूप से अध्ययन करने की आदत विकसित करनी चाहिए। स्टडी सेंटर के समन्वयक अब्दुल अज़ीज़ अंसारी ने स्टडी सेंटर की शैक्षणिक गतिविधियों एवं शिक्षकों का परिचय प्रस्तुत किया। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर शिक्षक खान ज़ाकिर हुसैन,खान ज़फ़र आलम जामई, डॉ. कुतुबुद्दीन शाहिद,डॉ.अबू साद एजाज़, सय्यद एजाज़ हाशमी एवं डॉ. मतीउल्लाह खान ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें मेहनत,अनुशासन और निरंतरता के साथ अपने शैक्षणिक सफर को जारी रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए ओरिएंटेशन कार्यक्रम तथा स्टडी सेंटर द्वारा प्रदान किए जा रहे मार्गदर्शन और सहयोग को उपयोगी बताया। कार्यक्रम का आरंभ विद्यार्थी अबू हमज़ा जमील की तिलावत-ए-कलाम-ए-पाक से हुआ। उर्दू की शिक्षिका सोफिया मोमिन ने कार्यक्रम का संचालन किया तथा आभार भी व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में तहूर मोमिन का सहयोग शामिल रहा।


