
मुंबई ( यूनिस खान ) महाराष्ट्र के जल संसाधन एवं आपदा प्रबंधन मंत्री तथा सिंहस्थ कुंभ मेला प्रभारी मंत्री गिरीश महाजन ने महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से लोकभवन में शिष्टाचार भेंट कर उन्हें 31 अक्टूबर को नासिक-त्र्यंबकेश्वर में भारत के राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाले सिंहस्थ कुंभ मेले के ध्वजारोहण समारोह में सहभागी होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। इस अवसर पर महाजन ने राज्यपाल को सिंहस्थ कुंभ मेले की व्यापक तैयारियों तथा इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन के नियोजन संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नासिक और त्र्यंबकेश्वर देश के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक तीर्थस्थलों में सम्मिलित हैं तथा सिंहस्थ कुंभ मेला महाराष्ट्र की प्राचीन आध्यात्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक गौरव का प्रतीक है। यह महापर्व देशभर से आने वाले संत-महात्माओं, अखाड़ों, साधु-संतों एवं करोड़ों श्रद्धालुओं को आस्था और अध्यात्म के साझा मंच पर एकत्रित करेगा।
महाजन ने राज्यपाल को अवगत कराया कि राज्य सरकार सिंहस्थ कुंभ मेले के आयोजन को भव्य, दिव्य, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु-केंद्रित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास, यातायात एवं सुरक्षा प्रबंधन, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न प्रशासनिक व्यवस्थाओं के प्रभावी समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि मेले का आयोजन निर्बाध एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
मंत्री महाजन ने वर्ष 2015 में आयोजित सिंहस्थ कुंभ मेले के सफल आयोजन एवं प्रबंधन का भी उल्लेख किया। उन्होंने उस अवसर पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु व्यवस्थाओं तथा प्रभावी नियोजन के लिए किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व अनुभवों का उपयोग आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले की तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए किया जा रहा है।


