
नवी मुंबई ( यूनिस खान ) नवी मुंबई मनपा की ओर से दिवाली के अवसर पर नागरिकों को शुभकामनाएं देने के साथ ही जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण, अग्नि सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है। होर्डिंग, बैनर और सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाने के बाद अब एनएमएमटी बसों को भी इस अभियान से जोड़ा गया है। मनपा परिवहन उपक्रम की एनएमएमटी बसों में लगे ऑडियो सिस्टम के जरिए दिवाली की शुभकामनाओं के साथ जनजागृति के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इससे बसों में सफर करने वाले यात्रियों तक मनपा का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है। इन संदेशों के माध्यम से नागरिकों से दिवाली के दौरान पानी का संयमित उपयोग करने, पटाखों का इस्तेमाल टालने या सीमित रखने तथा ध्वनि और वायु प्रदूषण को रोकने की अपील की जा रही है। इसके अलावा आग लगने की संभावित घटनाओं से सतर्क रहने, छोटे बच्चों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने का संदेश दिया जा रहा है।
मनपा ने नागरिकों से संपत्ति कर समय पर जमा करने की भी अपील की है। प्रशासन के अनुसार, संपत्ति कर शहर के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। समय पर कर भुगतान करने से नागरिकों को कार्रवाई से भी बचने में मदद मिलेगी। दिवाली की शुभकामनाओं के साथ एनएमएमटी बसों के माध्यम से चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। मनपा ने ‘अपनी नवी मुंबई, अपना अभिमान, अपनी जिम्मेदारी!’ का संदेश देते हुए नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।


