
ठाणे ( यूनिस खान ) विश्वास सामाजिक संस्था की ओर से राम मारुति रोड पर आयोजित दिवाली पहाट कार्यक्रम में ब्रास बैंड और ढोल पथक की शानदार जुगलबंदी ने ठाणेकरों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अनूठे सांस्कृतिक आयोजन में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। सांस्कृतिक उपराजधानी के रूप में पहचान रखने वाले ठाणे शहर में विश्वास सामाजिक संस्था की ओर से हर वर्ष अनोखे अंदाज में दिवाली पहाट कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस वर्ष भी कार्यक्रम में ब्रास बैंड पर पुराने और नए हिंदी-मराठी गीतों के साथ देशभक्ति गीतों की मधुर धुनें प्रस्तुत की गईं। वहीं ब्रास बैंड और ढोल पथक की शानदार जुगलबंदी ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने एक-दूसरे को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
यह कार्यक्रम भाजपा के वरिष्ठ नगरसेवक संजय वाघुले, विश्वास सामाजिक संस्था के अध्यक्ष अमित वाघचौरे तथा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष वृषाली संजय वाघुले की संकल्पना से आयोजित किया गया था। इस अवसर पर शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के, भाजपा विधायक एड. माधवी नाईक, विधायक रवींद्र फाटक, गुटनेता पवन कदम, नौपाड़ा प्रभाग समिति अध्यक्ष मीनल संखे, नगरसेविका नम्रता कोली, नगरसेवक विकास रेपाळे, ओबीसी मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जयेंद्र कोली, महिला मोर्चा अध्यक्ष स्वप्नाली सालवी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं युवा उपस्थित थे।


