
अदालत ने चार दिन का ट्रांजिट रिमांड किया मंजूर
ठाणे ( यूनिस खान ) झारखंड में नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामलों में फरार चल रहे और झारखंड सरकार की ओर से 10 लाख रुपये का इनाम घोषित नक्सली संजय सरोज यादव उर्फ संजय गोधरे को ठाणे आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने ठाकुर्ली इलाके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे ठाणे जिला एवं सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे चार दिन का ट्रांजिट रिमांड मंजूर किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, संजय यादव झारखंड में कई नक्सली गतिविधियों में शामिल था और उसके खिलाफ अनेक मामले दर्ज हैं। फरार होने के बाद झारखंड पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वाले के लिए झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
बताया जाता है कि झारखंड से फरार होने के बाद संजय यादव काम की तलाश में ठाणे जिले के ठाकुर्ली स्थित खंबालपाड़ा पहुंचा था। यहां उसे एक बंगले में गाय के गोठे में पशुओं की देखभाल का काम मिल गया था। झारखंड पुलिस से मिली गुप्त सूचना के आधार पर ठाणे एटीएस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की है।
गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायमूर्ति सुशीला आर. पाटिल की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे चार दिन का ट्रांजिट रिमांड दिया है। अब ठाणे एटीएस उसे मुंबई हवाई अड्डे के रास्ते रांची ले जाकर झारखंड पुलिस के हवाले करने की तैयारी में है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी त्योहारों के दौरान ठाणे में किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आया था या नहीं।


