
सूर्या परियोजना से भाईंदर को पानी मिलने पर ठाणे की जलसमस्या दूर करने के लिए दिया विकल्प
ठाणे ( यूनिस खान ) सूर्या परियोजना से मीरा-भाईंदर को पानी मिलने की स्थिति में स्टेम का अतिरिक्त पानी भाईंदर के बजाय ठाणे शहर को दिया जाए। यह सुझाव भाजपा विधायक संजय केळकर ने दिया है। उनका कहना है कि इससे दोनों शहरों की पानी की समस्या दूर हो सकती है।
खोपट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित 146वें जनसंवाद कार्यक्रम में मीडिया से बातचीत करते हुए केळकर ने कहा कि ठाणे को फिलहाल 50 से 60 एमएलडी अतिरिक्त पानी की जरूरत है। शहर में पानी की किल्लत शुरू हो गई है। ऐसे में सूर्या परियोजना से भाईंदर को पानी मिलने पर स्टेम का पानी ठाणे को दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि पानी की किल्लत और यातायात जाम की समस्या दूर होने तक नई इमारतों के निर्माण की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। साथ ही निजी टैंकरों के दाम, अवैध नल कनेक्शन, पानी की लीकेज और मीटर व्यवस्था पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग भी की।
विधायक ने भिवंडी के कशेली क्षेत्र में अनधिकृत निर्माणों को लेकर नागरिकों की परेशानी दूर करने के लिए नियमों और शर्तों के तहत निर्माण नियमित करने की मांग की। इसके अलावा बंद पड़ी यूनिबैक फार्मा कंपनी के 25-30 कर्मचारियों का बकाया वेतन दिसंबर से पहले देने का आश्वासन मिलने की जानकारी दी।


