
शाहपुर में मुफ्त अस्पताल शुरू ,जनता से किया वादा निभाया
ठाणे ( यूनिस खान ) लोकसभा चुनाव के बाद भी जिजाऊ शैक्षणिक एवं सामाजिक संस्था का समाजकार्य लगातार जारी है। लोकसभा चुनाव के दौरान नागरिकों से किए गए वादे को पूरा करते हुए संस्था के संस्थापक निलेश सांबरे ने शाहपुर में मुफ्त अस्पताल शुरू किया है। स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के माध्यम से ग्रामीण एवं दुर्गम क्षेत्रों के नागरिकों की मदद करने का कार्य संस्था की ओर से निरंतर किया जा रहा है।
आगामी ठाणे जिला परिषद चुनाव के मद्देनजर निलेश सांबरे ने संगठनात्मक मजबूती और चुनाव पूर्व तैयारियों को गति दी है। इसी क्रम में हाल ही में कांबे जिला परिषद गुट के चिबीपाड़ा तथा अंजूर जिला परिषद गुट के अंजूर में कार्यकर्ता बैठकें आयोजित की गईं। शाहपुर में मुफ्त अस्पताल शुरू होने से ठाणे जिले के नागरिकों में संतोष व्यक्त किया जा रहा है। जरूरतमंद मरीजों को इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में जाने की आवश्यकता कम होगी और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। चुनाव के दौरान किए गए वादों को वास्तविक कार्यों के माध्यम से पूरा होते देखकर नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया। स्थानीय नागरिकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे जनहितकारी उपक्रमों की बड़ी आवश्यकता है।
इन बैठकों में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आगामी चुनाव को ध्यान में रखते हुए जिला परिषद गुटवार नियोजन, संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां, स्थानीय समस्याओं और जनसंपर्क बढ़ाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय स्तर की समस्याओं, नागरिकों की अपेक्षाओं और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपने विचार भी रखे। लोकसभा चुनाव के बाद भी समाजकार्य की गति बनाए रखते हुए जनता से किए गए वादों को पूरा करना और दूसरी ओर आगामी ठाणे जिला परिषद चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों को मजबूत करना, इन दोनों मोर्चों पर निलेश सांबरे ने अपना कार्य जारी रखा है।


