
ठाणे ( यूनिस खान ) स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को ठाणे के उपवन तालाब परिसर में ‘गरवारे मैराथन 2026 – मुंबई एडिशन’ का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। ‘रन फॉर ए क्लीनर, सेफर एंड ग्रीनर टुमॉरो’ यानी स्वच्छ, सुरक्षित और हरित कल के लिए दौड़ें, इस संदेश के साथ आयोजित मैराथन में 5 से 77 वर्ष तक के करीब 1800 धावकों ने हिस्सा लिया। इस मैराथन में 3 किलोमीटर, 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की तीन श्रेणियां रखी गई थीं। प्रतियोगिता में पुरुषों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता, सड़क सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की। विजेताओं को नकद पुरस्कार के साथ हेलमेट और सुरक्षा किट प्रदान की गई। गरवारे हाई-टेक फिल्म्स लिमिटेड के सहयोग से सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत सांसद नरेश म्हस्के तथा लाइफस्टाइल वेदा इंटीग्रेटेड वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से इस मैराथन का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खेलो इंडिया अभियान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई। आयोजन के तहत शनिवार को पूर्व तैयारी, जनजागृति और नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जबकि रविवार को मुख्य मैराथन उपवन तालाब परिसर में संपन्न हुई।
इस अवसर पर सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि आज भी देश में अनेक सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों का पालन नहीं करने के कारण होती हैं। सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रत्येक धावक से अपील की कि वह सड़क सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाए। इस अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस उपायुक्त पंकज शिरसाट, मुख्य फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अरुणकुमार कनोजिया, गरवारे हाई-टेक प्रा. लि. के संचालक दीपक जोशी, लाइफटाइम वेदा फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीरज सरोहा तथा बाला गवस सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।


