Aman Samachar
ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

शहापुर का ‘सैपो’ तारामंडल बना खगोल प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र

जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल और विधायक दौलतराव दरोडा ने रातभर दूरबीन से किया ग्रहों और तारों का अवलोकन

ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे जिले के शहापुर में स्थित अत्याधुनिक तारामंडल और बड़ी-बड़ी दूरबीनों से सुसज्जित ‘सैपो’ (एस ए पी ओ) वेधशाला इन दिनों खगोल विज्ञान के प्रति रुचि रखने वालों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। जिले की इस पहली अत्याधुनिक वेधशाला का हाल ही में जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजीत यादव ने विशेष दौरा किया। इस दौरान स्थानीय विधायक दौलतराव दरोडा, तहसीलदार परमेश्वर कासुळे और वरिष्ठ खगोलशास्त्री दा. कृ. सोमण भी उपस्थित थे।
        इस विशेष दौरे का मुख्य आकर्षण रातभर दूरबीनों के माध्यम से आकाशीय ग्रहों और तारों का प्रत्यक्ष अवलोकन रहा। जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों ने आधुनिक दूरबीनों से सूर्य के धब्बे, सौर ज्वालाएं, शनि ग्रह के छल्ले, बृहस्पति के चार प्रमुख चंद्रमा और शुक्र ग्रह सहित आकाशगंगा की विभिन्न खगोलीय घटनाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर ठाणे जिला परिषद के कुछ स्कूलों के विद्यार्थी और शिक्षक भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस परियोजना के माध्यम से अब ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को खगोल विज्ञान की जानकारी केवल किताबों तक सीमित न रहकर प्रत्यक्ष अनुभव के जरिए प्राप्त हो सकेगी।
        जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने कहा कि इस तरह के विज्ञान आधारित उपक्रमों से विद्यार्थियों में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ेगी। साथ ही समाज में फैले अंधविश्वास को दूर करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में शहापुर खगोल प्रेमियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। वरिष्ठ खगोलशास्त्री दा. कृ. सोमण ने आकाश दर्शन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए महाराष्ट्र सरकार से शहापुर क्षेत्र को ‘डार्क स्काई जोन’ घोषित करने की मांग की। उन्होंने वेधशाला तक पहुंचने वाले मार्ग को चौड़ा करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
      इस पर जिलाधिकारी डॉ. पांचाल ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए शहापुर को डार्क स्काई जोन घोषित करने के लिए शासन के पास जल्द प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। उन्होंने सैपो परियोजना को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने की बात भी कही। विधायक दौलतराव दरोडा ने भी परियोजना के विकास और यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सड़क चौड़ीकरण का काम जल्द आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।
       शहापुर के युवा उद्यमियों निलेश ठाकुर, गिरीश ठाकुर और राज छेड़ा ने मिलकर इस अनूठी सैपो वेधशाला की स्थापना की है। इस परियोजना का उद्घाटन मानसून से पहले विधायक दौलतराव दरोडा और खगोलशास्त्री दा. कृ. सोमण के हाथों किया गया था। खगोल विज्ञान के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से दा. कृ. सोमण अपने महत्वपूर्ण ग्रंथ भी इस परियोजना को भेंट करने वाले हैं।बप्रशासनिक अधिकारियों और आयोजकों ने जिले के नागरिकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से परिवार सहित इस विज्ञान आधारित केंद्र का दौरा करने की अपील की है।

संबंधित पोस्ट

सुनील गंगवानी के जन्म दिवस पर मुलुंड में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा

Aman Samachar

18 से 44 आयुवर्ग के नागरिकों का आज कोरोना वैक्सीन का टीकाकरण शुरू 

Aman Samachar

सिब्तैन कशेलकर रईस हाई स्कूल के सुपरवाइज़र नियुक्त 

Aman Samachar

5 लाख की बिजली चोरी मामले में 3 लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज 

Aman Samachar

अतिधोखादायक ओमशिव जगदंबा अपार्टमेंट के रहिवासियों की जान खतरे में

Aman Samachar

माघी गणेशोत्सव कलवा में स्थानीय विधायक ने दर्शन कर आयोजकों को दी शुभकामना

Aman Samachar
error: Content is protected !!