
ठाणे ( यूनिस खान ) बालदिन के अवसर पर ठाणे में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने साइकिल चलाकर अपने बचपन की यादें ताजा कीं। ‘आओ फिर से बचपन जिएं’ की संकल्पना के तहत ठाणे महानगरपालिका और आम्ही सायकल प्रेमी फाउंडेशन की संयुक्त पहल पर शनिवार को विशेष चिल्ड्रन्स डे साइकिल राइड का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 200 से अधिक साइकिल प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी उपसंचालक एवं सिविल सर्जन डॉ. कैलास पवार ने कहा कि बालदिन के अवसर पर आयोजित इस साइकिल राइड से बचपन की यादें ताजा हो गईं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने और प्रदूषण पर नियंत्रण पाने के लिए साइकिलिंग एक बेहतरीन विकल्प है। जितेश ट्रेडर्स के संचालक जितेंद्र भंसाली, साइकिल प्रेमी योगेश्वरी बन और आम्ही सायकल प्रेमी फाउंडेशन की संस्थापक अध्यक्ष प्रज्ञा म्हात्रे ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल राइड की शुरुआत की। इस राइड का नेतृत्व अमोल कुलकर्णी, गणेश कोली, ज्ञानदेव जाधव, सुनील रोकडे, निखिल शिवलकर, चंद्रशेखर जगताप, निखिल गावडे, रोहित मांडवकर, गुरुप्रसाद देसाई, अजय भोसले, रोहन होमकर और शुभांगी भोर ने किया।
राइड के समापन पर डॉ. कैलास पवार, दंत शल्य चिकित्सक डॉ. अर्चना पवार, संस्था के सचिव दीपेश दळवी और जितेंद्र भंसाली के हाथों सभी प्रतिभागियों को मेडल प्रदान किए गए। वहीं, 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के नन्हे साइकिल प्रेमियों को आकर्षक उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर डॉ. पवार के हाथों धनंजय तेलगोटे, स्मिता काजळे, अरुण खेडवाल, भरतकुमार फुणगे, अद्वैत गाडगीळ, फिरोजा दादन, राजेश सिंह, रघुवीर बालाभद्रपतरुनी, एडवर्ड पिन्हेरो, गणेश कोली, योगिता थोटांगे, तुषार डोके, पुरुष्रुत खिलारी, शालिनी राठोड और तुषार रेडकर को ‘वेलोसिटी आइकॉन अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। साइकिलिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए जितेंद्र और राजेश भंसाली को भी सम्मानचिह्न देकर गौरवान्वित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन कवि प्रकाश बोर्डे ने किया। सिद्धिविनायक हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अमोल गीते और हीरो साइकिल ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इस मौके पर जितेश ट्रेडर्स की ओर से तीन जरूरतमंद बच्चों को साइकिल भी भेंट की गई। कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ साइकिल प्रेमी धनंजय देशपांडे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि बच्चों के साथ घुल-मिलकर वे अपनी उम्र तक भूल गए और पूरे कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया। वहीं, अभिभावक वैशाली जैन ने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि उनके बेटे ने इस कार्यक्रम का खूब आनंद लिया।


