
ठाणे ( यूनिस खान ) स्पोर्टिंग क्लब्स कमिटी, ठाणे के आयोजन में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-14 चयन ट्रायल के लिए आयोजित शताब्दी कप अंतरक्लब क्रिकेट प्रतियोगिता में मांडवी मुस्लिम स्पोर्ट्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में पहली पारी में मिली 52 रनों की बढ़त के आधार पर मांडवी मुस्लिम ने स्पोर्टिंग क्लब कमिटी, ठाणे को पराजित किया। मांडवी क्लब के डॉ. जितेंद्र आव्हाड ने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का अभिनंदन किया। फाइनल मुकाबले में स्पोर्टिंग क्लब की ओर से विहान आसवले ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 156 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर स्पोर्टिंग क्लब ने पहली पारी में 268 रन बनाए। विहान पुजारी ने 46 और अद्वैत कचराज ने 52 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं, मांडवी मुस्लिम की ओर से कनिष्क सालुंखे ने 61 रन देकर चार विकेट हासिल किए। जवाब में मांडवी मुस्लिम स्पोर्ट्स क्लब के बल्लेबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया। आरव सिंह ने शानदार शतक लगाया, जबकि कनिष्क सालुंखे ने 95 रनों की बेहतरीन पारी खेली। सर्वेश पोसम ने 42 और उमर खान ने 36 रन बनाकर टीम को मजबूती प्रदान की। मांडवी मुस्लिम ने पहली पारी में 8 विकेट पर 320 रन बनाए और 52 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल की। इसी बढ़त के आधार पर टीम ने शताब्दी कप का खिताब जीत लिया। स्पोर्टिंग क्लब की ओर से अर्जुन शिंगटे, विहान आसवले और रशय सावंत ने दो-दो विकेट हासिल किए।
ठाणे और नवी मुंबई क्षेत्र के 14 वर्ष से कम उम्र के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को मुंबई की टीम में जगह बनाने के लिए अपनी प्रतिभा साबित करने का सुनहरा अवसर इस प्रतियोगिता के माध्यम से मिला। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की चयन समिति के सदस्यों ने प्रतियोगिता के प्रत्येक मुकाबले में उपस्थित रहकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन का निरीक्षण किया। फाइनल मुकाबले के टॉस के अवसर पर मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव डॉ. उन्मेश खानविलकर, स्पोर्टिंग क्लब्स कमिटी के सचिव तथा नगरसेवक एड. विकास रेपाले, उपाध्यक्ष विलास जोशी, सहसचिव श्रावण तावडे और सतीश नाचणे सहित ठाणे के क्रिकेट जगत के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराने वाली इस शताब्दी कप प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।


