
ठाणे ( यूनिस खान ) रईस हाई स्कूल एंड जूनियर कॉलेज,भिवंडी में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 की पहली पैरेंट्स-टीचर एसोसिएशन मीटिंग आज आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक,नैतिक एवं सह-पाठ्यक्रमीय विकास के लिए अभिभावकों और शिक्षकों के बीच प्रभावी संवाद स्थापित करना तथा आपसी सहयोग को बढ़ावा देना था, जिसकी पहल की गई। बैठक में सेकेंडरी सेक्शन के 22 डिवीजनों तथा जूनियर कॉलेज सेक्शन के 24 डिवीजनों के लगभग 2,000 से अधिक अभिभावकों ने भाग लिया। अभिभावकों ने अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति,उपस्थिति, अनुशासन, अध्ययन की आदतों तथा समग्र व्यक्तित्व विकास के संबंध में संबंधित शिक्षकों से विस्तारपूर्वक चर्चा की। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की क्षमताओं, कमजोरियों तथा उनके सुधार के लिए अपनाए जा रहे शिक्षण उपायों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ज़ियाउर्रहमान अंसारी ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए घर और विद्यालय के बीच मजबूत संबंध एवं निरंतर संवाद अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा,अनुशासन,समयपालन तथा नैतिक मूल्यों पर विशेष ध्यान देने और विद्यालय के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने की अपील की। अभिभावकों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों के कार्यों का एतराफ किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार की बैठकें विद्यार्थियों के बेहतर मार्गदर्शन और शैक्षणिक सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
बैठक के सफल आयोजन में सहायक मुख्याध्यापक मुखलिस मदू,वाइस प्रिंसिपल आमिर सिद्दीकी,सुपरवाइज़र्स असरार पठान,सिब्तैन कशेलकर, मुज़दान मुल्ला,अनुशासन प्रभारी ज़ाकिर अंसारी,मुसय्यब मोमिन तथा सभी क्लास टीचर्स,शिक्षकगण तथा शिक्षकेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।


