
मुंबई के कच्चे पानी को शुद्ध कर ठाणे में आपूर्ति की जाए – संजय केलकर
ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे शहर में पानी की किल्लत के बीच टैंकर माफिया की सक्रियता बढ़ने और नागरिकों की आर्थिक लूट को रोकने के लिए मुंबई से कच्चा पानी लेकर उसे शुद्ध करने के बाद ठाणे में आपूर्ति करने की मांग विधायक संजय केलकर ने की है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं पालकमंत्री एकनाथ शिंदे से इस संबंध में तत्काल बैठक बुलाकर निर्णय लेने की मांग भी की है।
खोपट स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित ‘जनसेवक जनसंवाद’ के 144वें कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक केलकर ने कहा कि अल नीनो के संभावित प्रभाव और पानी की कमी को देखते हुए जलापूर्ति में कटौती की गई है। 24 घंटे के शटडाउन के बाद अगले दो दिनों तक कम दबाव से पानी मिलने की आशंका है, जिससे ठाणेकरों की परेशानी और बढ़ सकती है। उन्होंने मांग की कि शटडाउन के बाद कम से कम दो दिनों तक पर्याप्त दबाव से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा भी की गई है।
केलकर के अनुसार, ठाणे शहर को फिलहाल अतिरिक्त 40 एमएलडी पानी की आवश्यकता है। पानी की कमी के कारण टैंकर लॉबी सक्रिय हो गई है और आम नागरिकों से मनमाने पैसे वसूले जा रहे हैं। ऐसे में मुंबई महानगरपालिका से कच्चा पानी लेकर उसे शुद्ध करने के बाद ठाणे को उपलब्ध कराया जाए तो नागरिकों को काफी राहत मिल सकती है। उन्होंने पालकमंत्री एकनाथ शिंदे से इस विषय पर तत्काल बैठक लेकर ठोस निर्णय करने की अपील की। साथ ही नागरिकों से पानी की बचत करने का भी आह्वान किया।
दिवा के रहवासियों की समस्याएं उठाईं
जनसंवाद कार्यक्रम में दिवा के निवासी भी उपस्थित थे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की अनदेखी के कारण भूमाफियाओं ने सरकारी जमीन पर अवैध इमारतें खड़ी कर दीं और आम नागरिकों ने इनमें मकान खरीद लिए। लेकिन विकासकों द्वारा संपत्ति कर और पानी के बिल सहित आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी नहीं किए जाने से रहवासियों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। विधायक केलकर ने बताया कि संबंधित अधिकारियों से चर्चा की गई है और रहवासियों को उनके अधिकार दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
मुंब्रा में अवैध निर्माण का मुद्दा भी उठा
कार्यक्रम में मुंब्रा के नागरिकों ने शिकायत की कि पहले रोका गया अवैध निर्माण दोबारा शुरू हो गया है। इस पर विधायक केलकर ने सवाल उठाया कि किसकी मिलीभगत से निर्माण कार्य फिर शुरू हुआ है। उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज करने की मांग की।
फर्जी संपत्ति कर रसीदों के रैकेट पर ऑडिट की मांग
विधायक केलकर ने बताया कि पांचपाखाड़ी की तरह लोकमान्य नगर में भी दूसरे व्यक्तियों के नाम पर संपत्ति कर निर्धारण किए जाने का मामला सामने आया है। शहर में क्लस्टर, पुनर्विकास और एसआरए योजनाओं के चलते फर्जी संपत्ति कर रसीदें बनाने वाला रैकेट सक्रिय होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों रुपये लेकर इस तरह की कर निर्धारण प्रक्रिया की जा रही है। इस मामले में संबंधित विभाग का पिछले पांच वर्षों का ऑडिट कराने की मांग उन्होंने एक बार फिर की।


