
सांसद नरेश म्हस्के ने ठाणे मनपा आयुक्त से की मांग
ठाणे ( यूनिस खान ) ठाणे के रहेजा गार्डन स्थित कार्लाइन नामक 17 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग के दौरान करीब 50 लोगों की जान बचाने वाले ठाणे महानगरपालिका के अग्निशमन दल और ठाणे आपदा प्रतिक्रिया दल (टीडीआरएफ) के जवानों को विशेष सम्मान देने की मांग सांसद नरेश म्हस्के ने की है। उन्होंने बचाव अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को प्रोत्साहन के रूप में एक वेतनवृद्धि (इंक्रीमेंट) देने की मांग ठाणे मनपा आयुक्त से पत्र लिखकर की है।
8 नवंबर 2026 की रात करीब साढ़े आठ बजे रहेजा गार्डन स्थित कार्लाइन इमारत में भीषण आग लग गई थी। इमारत में बड़े पैमाने पर धुआं फैलने के कारण लिफ्ट का इस्तेमाल करना संभव नहीं था। ऐसी मुश्किल परिस्थिति में अग्निशमन दल और TDRF के जवानों ने सीढ़ियों और स्ट्रेचर की मदद से करीब 50 रहिवासियों को सुरक्षित बाहर निकाला। जवानों ने इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए रहिवासियों के पालतू कुत्तों और बिल्लियों को भी सुरक्षित बचाया।
कई घंटों तक लगातार प्रयास कर जवानों ने आग पर काबू पाया और बड़ी जनहानि टाल दी। अपनी जान जोखिम में डालकर नागरिकों की सुरक्षा करने वाले जवानों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सराहना की थी। सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि आपदा के समय अपनी जान की परवाह किए बिना नागरिकों की सुरक्षा के लिए तत्पर रहने वाले अग्निशमन और टीडीआरएफ के जवानों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनकी असाधारण सेवा को देखते हुए बचाव अभियान में शामिल सभी अधिकारियों और जवानों को एक वेतनवृद्धि दी जानी चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस निर्णय से जवानों के कार्यों का सम्मान होगा और भविष्य में आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों का मनोबल तथा उत्साह भी बढ़ेगा।


