Aman Samachar
ब्रेकिंग न्यूज़
ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

छठ पूजा उत्सव के लिए रायलादेवी, उपवन और मासुंदा तालाबों पर विशेष व्यवस्था

आयुक्त सौरभ राव ने लिया तैयारियों का जायजा

ठाणे ( यूनिस खान ) छठ पूजा उत्सव के मद्देनजर ठाणे मनपा प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 और 16 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले इस उत्सव को सुरक्षित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए रायलादेवी, उपवन और मासुंदा तालाबों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। मनपा आयुक्त सौरभ राव ने गुरुवार को तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
        छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं सहित भक्तों की भीड़ उमड़ती है। इसे देखते हुए आयुक्त ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने निर्धारित कार्यस्थलों पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए। मनपा प्रशासन की ओर से रायलादेवी तालाब, उपवन तालाब के बनारस घाट तथा मासुंदा तालाब के दत्तघाट और अहिल्यादेवी होळकर घाट पर विशेष व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर व्यवस्था की निगरानी के लिए उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को नियंत्रण अधिकारी नियुक्त किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों पर दिशा और दूरी दर्शाने वाले सूचना फलक भी लगाए जाएंगे।
        सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर बैरिकेडिंग, मंडप, स्टेज, बैठने की व्यवस्था और ड्रोन निगरानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। उत्सव से पहले तालाबों और घाटों पर विशेष सफाई अभियान भी चलाया गया है। इसके अलावा नियमित सफाई, निर्माल्य कलश, कचरा संकलन, मोबाइल शौचालय और कूड़ेदानों की व्यवस्था की गई है। तालाबों के पानी की स्वच्छता बनाए रखने के लिए नियमित जल परीक्षण किया जा रहा है। प्रत्येक तालाब पर प्रशिक्षित कर्मचारियों के साथ कम से कम दो नावें तैनात रहेंगी। पूजा स्थलों पर पर्याप्त रोशनी, आपातकालीन जनरेटर, सीसीटीवी कैमरे और उद्घोषणा प्रणाली की भी व्यवस्था की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन दल, जल बचाव दल, एंबुलेंस, चिकित्सा टीम और सुरक्षा कर्मियों को तीन शिफ्टों में तैनात किया जाएगा।
       इस दौरान वागले प्रभाग समिति अध्यक्ष एकता भोईर, नगर अभियंता सुरेंद्रकुमार काटकर, उपायुक्त जी.जी. गोदेपुरे, दीपक झिंजाड, वैभव आवारे, आपदा प्रबंधन अधिकारी यासीन तडवी, प्रभारी मुख्य पर्यावरण अधिकारी विद्या सावंत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। मनपा प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे छठ पूजा उत्सव के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

संबंधित पोस्ट

धोखादायक इमारतों को खाली करने, सडकों की मरम्मत कार्य में लापरवाही सहन नहीं – मनपा आयुक्त 

Aman Samachar

Aman Samachar

समता फाउंडेशन और रोटरी ने वितरित किया वॉटर व्हील व साइकिल

Aman Samachar

नव वर्ष पर पर्यवरण संवर्धन , संरक्षण के लिए वृक्षारोपण व स्वच्छता का दिया सन्देश 

Aman Samachar

कोरोना संक्रमण बढ़ा तो शहर में लाक डाउन लगाना पड़ सकता है – महापौर 

Aman Samachar

अतिसार से होने वाली बाल मृत्यु रोकने के लिए जिला परिषद की आज से विशेष मुहीम शुरू

Aman Samachar
error: Content is protected !!