
ठाणे ( यूनिस खान ) भिवंडी स्टूडेंट्स हेल्प फोरम के तत्वावधान में रविवार, 6 सितंबर 2026 को शहर में पिछले तीन-चार वर्षों के दौरान एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी करने वाले डॉक्टरों के सम्मान में एक कार्यक्रम अब्दुल हकीम अंसारी स्टडी सेंटर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अब्दुस्सलाम अंसारी ने की।अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने ने सम्मानित डॉक्टरों को बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी जीवन में सफलता के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं। मौलाना मुजाहिद इकबाल नदवी ने पेशेवर नैतिकता के संबंध में इस्लामी दृष्टिकोण पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। डॉ.निसार मुकरी ने शहर की आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न चिकित्सा पाठ्यक्रमों, विशेष रूप से मनोचिकित्सा विशेषज्ञों की कमी की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए साइकियाट्री (मनोचिकित्सा)को प्राथमिकता देने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञता और पाठ्यक्रमों के चयन पर जोर दिया। शहर के प्रसिद्ध ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ.मुहद्दिस मोमिन ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, पोस्ट ग्रेजुएशन तथा विभिन्न चिकित्सा क्षेत्रों में विशेषज्ञता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे,जिनमें प्रिंसिपल,शिक्षक,डॉक्टर, इंजीनियर,व्यवसायी तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित लोग शामिल थे। इस अवसर पर शहर के 41 एमबीबीएस डॉक्टरों को कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों के हाथों सम्मानित किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरआन पाठ से हुआ।सलीम यूसुफ शेख ने कार्यक्रम का संचालन किया। पुरस्कारों की घोषणा फहीम अहमद मोमिन ने की,जबकि आभार प्रदर्शन शाहिद हसन फारूकी ने किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में अब्दुल मजीद अंसारी,रईस अंसारी,मसीह-उज़-ज़मां अंसारी तथा स्टडी सेंटर के केयरटेकरों का भरपूर सहयोग शामिल रहा। सम्मानित डॉक्टरों को सुंदर स्मृति-चिह्न (मोमेंटो)जीएसटी अकैडमी की ओर से प्रदान किए गए। इस अवसर पर अकादमी के जिम्मेदारों में शमीम इंजीनियर,डॉ.यासीन काजी,मंसूर मोमिन सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


